नवागढ़ (जांजगीर-चांपा)। तहसील कार्यालय एवं तहसील न्यायालय परिसर में संचालित वाहन स्टैंड की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। वाहन स्टैंड का निर्धारित शुल्क ₹10 होने के बावजूद परिसर में अव्यवस्था का आलम बना हुआ है। वाहन चालकों का आरोप है कि शुल्क तो नियमित रूप से लिया जाता है, लेकिन इसके अनुरूप न तो व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है और न ही पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था।
तहसील एवं न्यायालय परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और आम नागरिक अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं। अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को वाहन खड़ा करने में कठिनाई होती है और कई बार जाम जैसी स्थिति भी निर्मित हो जाती है। इससे नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि यदि वाहन स्टैंड के नाम पर निर्धारित शुल्क लिया जा रहा है, तो पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए तथा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से स्टैंड संचालन की नियमित निगरानी कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई है, ताकि तहसील एवं न्यायालय आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
