कर्मकार व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण का शुभारंभ, ओ.पी. चौधरी ने लाइव जुड़कर दिया प्रेरक संदेश

कुशल, संस्कारित और प्रशिक्षित कर्मकार ही व्यापार की सबसे बड़ी पूंजी : ओ.पी. चौधरी

भिलाई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़, भिलाई इकाई, हिन्दू जागरण समिति एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “कर्मकार व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण” के शुभारंभ महोत्सव का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, प्रतिष्ठान संचालक, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में माननीय ओ.पी. चौधरी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था, उद्योग अथवा व्यापार की वास्तविक शक्ति उसके कर्मकार और कर्मचारी होते हैं। यदि उनके व्यक्तित्व, कार्यकुशलता और कार्य संस्कृति का निरंतर विकास किया जाए, तो संस्था स्वयं नई ऊंचाइयों को प्राप्त करती है। उन्होंने इस अभिनव प्रशिक्षण पहल की सराहना करते हुए इसे व्यापारी समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

विशिष्ट अतिथि सुभाष अग्रवाल (प्रदेश संयोजक, व्यापार प्रकोष्ठ) ने कहा कि ग्राहक व्यवहार, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन, टीम वर्क, कार्य के प्रति जिम्मेदारी, व्यक्तित्व विकास एवं व्यावसायिक अनुशासन जैसे विषय इस प्रशिक्षण के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने भिलाई चेम्बर की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशिक्षित कर्मचारी किसी भी प्रतिष्ठान की सफलता की मजबूत नींव होते हैं।

छत्तीसगढ़ चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने प्रशिक्षण शिविर की रूपरेखा, उद्देश्य एवं उससे होने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित, प्रेरित और संस्कारित कर्मचारी किसी भी व्यापारिक प्रतिष्ठान की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को इस प्रशिक्षण से जोड़ने का आग्रह किया, ताकि व्यापार की गुणवत्ता और ग्राहक सेवा में निरंतर सुधार हो सके।

भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रा ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मकारों एवं स्टाफ के व्यक्तित्व, व्यवहार, संवाद कौशल, कार्यकुशलता और ग्राहक सेवा क्षमता का समग्र विकास करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल व्यापार जगत में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनेगी।

कार्यक्रम में अभिजीत अरविंद पोलके, जिला सह-समन्वयक, हिन्दू जनजागृति समिति ने स्वभाव दोष एवं व्यक्तित्व निर्माण विषय पर मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में उद्योग चेम्बर अध्यक्ष जे.पी. गुप्ता, सीए शाखा अध्यक्ष सुखदेव राठी, महिला चेम्बर अध्यक्ष सुमन कनोजे, दिनेश पाटिल, सिंधी साहित्य अकादमी की प्रदेश अध्यक्ष सुषमा जेठानी, स्वीटी कौशिक, अखराज ओस्तवाल, भूपेंद्र नेमा, कमल बिस्वाल, सरोजनी पाणिग्रही, गीता वर्मा, टीना सातपुते, दर्शन ठकवानी सहित चेम्बर के अनेक पदाधिकारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन सुनील मिश्रा ने किया।

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी शंकर सचदेव ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!