छात्र हितों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन और कैंडल मार्च

जगदलपुर की छात्रा हरिका राव नायडू को दी श्रद्धांजलि, छात्र समस्याओं और नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना


मुंगेली। छात्र हितों के समर्थन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर बुधवार शाम जिला मुख्यालय मुंगेली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद कांग्रेस भवन से गांधी प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकालकर जगदलपुर की छात्रा हरिका राव नायडू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने छात्र-युवाओं से जुड़े मुद्दों, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा युवाओं पर बढ़ते मानसिक दबाव को गंभीर विषय बताते हुए केंद्र सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि छात्र-युवा देश का भविष्य हैं और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए।

छात्र हितों की अनदेखी का लगाया आरोप

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता घनश्याम वर्मा ने कहा कि छात्र-युवाओं की समस्याओं की अनदेखी किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही कथित अनियमितताओं और युवाओं की मानसिक परेशानियों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जिससे छात्रों में निराशा का माहौल बन रहा है।

नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में जताई नाराजगी

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा सांसद प्रियंका गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी का भी विरोध किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले जनप्रतिनिधियों की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और इससे जनता की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

कैंडल मार्च निकालकर छात्रा को दी श्रद्धांजलि

प्रदर्शन के दूसरे चरण में कांग्रेस भवन से गांधी प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकाला गया। हाथों में मोमबत्तियां लिए बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा और नागरिक शांतिपूर्वक मार्च में शामिल हुए। गांधी प्रतिमा पर पहुंचकर सभी ने जगदलपुर की छात्रा हरिका राव नायडू को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा से उत्पन्न मानसिक तनाव के कारण छात्रा द्वारा आत्महत्या की घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने इसे केवल एक परिवार की व्यक्तिगत क्षति नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना बताया। साथ ही परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और छात्र हितैषी बनाने की मांग की।

दो मिनट का मौन रखकर लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में दिवंगत छात्रा की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर घनश्याम वर्मा, संजीत बनर्जी, थानेश्वर साहू, हेमेंद्र गोस्वामी, दीपक गुप्ता, संजय यादव, मुकेश मिरी, रघुराज सिंह, मनीष त्रिपाठी, उमेश धृतलहरे, संजय जायसवाल, अरविंद वैष्णव, विद्यानंद चंद्राकर, जीतू श्रीवास्तव, जलेश्वर यादव, विष्णु खांडे, तारणी विश्वकर्मा, सूरज यादव, भरतलाल टोंडे, कुलदीप पाटले, मंजू शर्मा, अनिता विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!