दुर्ग सेंट्रल जेल में सजायाफ्ता कैदी की मौत, सेल में अचानक हुआ बेहोश

पॉक्सो एक्ट के मामले में काट रहा था 20 साल की सजा, जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

दुर्ग, 23 जुलाई 2026। दुर्ग सेंट्रल जेल में पॉक्सो एक्ट के एक मामले में 20 वर्ष के कारावास की सजा काट रहे 68 वर्षीय कैदी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बुधवार शाम कैदी अपने सेल में अचानक मूर्छित होकर गिर पड़ा। जेल प्रशासन ने उसे तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

सेंट्रल जेल दुर्ग के जेल अधीक्षक मनीष सांभाकर ने बताया कि मृतक की पहचान गजानंद राव (68 वर्ष), पिता गणपत राव के रूप में हुई है। वह पॉक्सो एक्ट के एक प्रकरण में 20 वर्ष के कारावास की सजा काट रहा था। उसे 11 जून 2026 को सेंट्रल जेल दुर्ग में दाखिल किया गया था।

शाम 5:45 बजे अचानक बिगड़ी तबीयत

जेल प्रशासन के अनुसार गजानंद राव लंबे समय से दमा (अस्थमा) से पीड़ित था। बुधवार शाम करीब 5:45 बजे वह अपने सेल में बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह मूर्छित होकर गिर पड़ा।

जेल कर्मचारियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

घटना के बाद जेल प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस एवं जेल प्रशासन द्वारा मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी में कैदी की मौत बीमारी के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!