चंदाई में अवैध महुआ शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 25 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार..

सारंगढ़// अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ सारंगढ़ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने ग्राम चंदाई में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 25 लीटर कच्ची देशी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चंदाई निवासी टुकेश्वर कुर्रे पिता रामप्रसाद, ग्राम दुर्गापाली की ओर से अवैध शराब लेकर पैदल चंदाई की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुर्गापाली और चंदाई के बीच नहरपार इलाके में घेराबंदी की। मौके पर एक व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम टुकेश्वर कुर्रे, निवासी चंदाई बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी प्लास्टिक बोरी के अंदर सफेद पन्नी में 25 लीटर अवैध महुआ शराब मिली। पुलिस ने शराब को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया।

आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी गोविंद दीवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, PSI चंचल, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल, आरक्षक संजय भारद्वाज, विमल जांगड़े सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!