रायगढ़ डिस्ट्रिक्ट योगासन चैंपियनशिप में परिधि सिदार का शानदार प्रदर्शन, जीते दो गोल्ड मेडल..

सारंगढ़ बिलाईगढ़// 5वीं रायगढ़ डिस्ट्रिक्ट योगासन चैंपियनशिप का आयोजन 9 अगस्त 2026, रविवार को रायगढ़ के सरस्वती शिशु मंदिर लक्ष्मीपुर में किया गया। प्रतियोगिता में रायगढ़ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें 10 से 55 वर्ष तक के आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने योगासन की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में योगिनी योग सेंटर सरिया की प्रतिभावान खिलाड़ी परिधि सिदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 से 18 वर्ष बालिका वर्ग में ट्रेडिशनल और आर्टिस्टिक सिंगल इवेंट में दो गोल्ड मेडल हासिल किए।

लगातार चार वर्षों से जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन

ग्राम नवापारा मांड निवासी खेलकुमार सिदार की बेटी परिधि सिदार पिछले चार वर्षों से रायगढ़ जिले में आयोजित योगासन प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। परिधि को उनकी शानदार लचीलापन और योगासन कला के लिए भी जाना जाता है। जिला स्तर पर सफलता हासिल करने के बाद परिधि ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी कई बार पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही वह राष्ट्रीय स्तर की योगासन प्रतियोगिता में भी हिस्सा ले चुकी हैं।

ऑनलाइन ट्रेनिंग से तैयार कर रहीं कोच

परिधि सिदार को योगिनी योग सेंटर सरिया की संचालिका यज्ञसेनी प्रधान प्रशिक्षण देती हैं। वे परिधि को ऑनलाइन ट्रेनिंग के माध्यम से योगासन की बारीकियां सिखा रही हैं। परिधि की लगातार सफलता पर कोच यज्ञसेनी प्रधान ने खुशी जताते हुए उन्हें आगामी चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दी हैं। परिधि की इस उपलब्धि से उनके परिवार, योगिनी योग सेंटर सरिया और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लगातार चार वर्षों से जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली परिधि से आने वाली प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!