ग्राम विकास को लेकर युवा पत्रकार गुलशन लहरे की पहल, 16वें वित्त आयोग की राशि से स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग

कोसीर – ग्राम पंचायत कोसीर में मूलभूत सुविधाओं एवं नागरिकों की सुरक्षा को लेकर युवा पत्रकार एवं ग्राम पंचायत के नागरिक गुलशन लहरे ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने ग्राम पंचायत के ग्राम विकास की आगामी कार्ययोजना में 16वें वित्त आयोग की राशि से विभिन्न प्रमुख स्थानों पर स्ट्रीट लाइट एवं प्रकाश व्यवस्था किए जाने की मांग को लेकर ग्राम विकास अधिकारी, सरपंच एवं समस्त पंचगण को ज्ञापन सौंपा है।

गुलशन लहरे ने अपने ज्ञापन में ग्राम पंचायत कोसीर के चार प्रमुख स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था को कार्ययोजना में प्राथमिकता से शामिल करने का आग्रह किया है

ज्ञापन में प्रमुख रूप से डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौक से बौद्ध विहार तक, डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौक से मूंघापारा तक तथा डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौक से गौठान तक प्रत्येक विद्युत खंभे में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई है। इसके अलावा बांधा तालाब (बंधवा) के पार गणेश निषाद के घर से सती मंदिर तक आवश्यक प्रकाश व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा गया है।

रात्रिकालीन आवागमन और युवाओं की सुरक्षा पर जोर

गुलशन लहरे ने बताया कि उक्त स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। स्ट्रीट लाइट लगने से पैदल एवं दोपहिया वाहन से आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलने के साथ ही रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी। उन्होंने विशेष रूप से ग्राम पंचायत कोसीर के युवाओं का विषय उठाते हुए कहा कि कई युवा पुलिस एवं अन्य शासकीय सेवाओं की शारीरिक परीक्षा की तैयारी के लिए बटाऊपाली रोड पर दौड़ एवं शारीरिक अभ्यास करने जाते हैं। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होने से युवाओं को भी रात्रि के समय आवागमन में सुविधा एवं सुरक्षा मिलेगी।

ग्राम विकास कार्ययोजना में शामिल करने की मांग

गुलशन लहरे ने ग्राम पंचायत से आग्रह किया है कि जनहित से जुड़े इन चारों कार्यों को आगामी ग्राम विकास कार्ययोजना में प्राथमिकता से शामिल किया जाए तथा 16वें वित्त आयोग से प्राप्त/उपलब्ध राशि एवं नियमानुसार अनुमन्य मद से इन कार्यों को कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।ग्राम विकास से जुड़े इस प्रस्ताव को लेकर अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि ग्राम पंचायत द्वारा इन कार्यों को आगामी कार्ययोजना में किस प्राथमिकता के साथ शामिल किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!